logo

ग्रेजुएट और पोस्ट ग्रेजुएट युवा को 2 साल तक 2 हजार रुपये की राशि दी जाएगी- डालटनगंज में बोले शिवराज सिंह चौहान 

news281.jpg

डालटनगंज
डालटनगंज में आज केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि बीजेपी की सरकार बनते ही ग्रेजुएट और पोस्ट ग्रेजुएट युवा को 2 साल तक 2 हजार रुपये की राशि दी जाएगी। बता दें कि झारखंड चुनाव प्रभारी शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार को झारखंड के पलामू जिले स्थित डालटनगंज में परिवर्तन महासभा को संबोधित किया। इस दौरान शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि पलामू प्रमंडल में 1 हजार किलोमीटर की परिवर्तन यात्रा हुई है और इस यात्रा में आप लोगों का उत्साह देखते हुए मैं कह सकता हूं कि, झारखंड में परिवर्तन सुनिश्चित है। हेमंत सोरेन की सरकार जाना तय है और भारतीय जनता पार्टी की सरकार आना भी तय है। वहीं, चौहान ने झारखंड की जेएमएम और कांग्रेस गठबंधन सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि, ये गठबंधन नहीं ठगबंधन है। इन्होंने मिलकर जल संपदा, वन संपदा और खनिज संपदा से भरपूर, सुंदर प्रदेश को खोखला कर दिया है। जब झारखंड में बीजेपी की सरकार थी तो यहां ऐसे विकास के काम हुए थे कि जनता आज भी याद करती है। इसलिए अब भारतीय जनता पार्टी की सरकार ही झारखंड को विकास के पथ पर ले जाएगी। 

 


फिजिकल टेस्ट हादसा नहीं हत्या है
केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, सोरेन सरकार ने युवाओं को 5 लाख नौकरियां देने का वादा किया था, लेकिन किसी को भी नौकरी नहीं मिली। अब चुनाव नजदीक आ गए हैं तो सिपाही भर्ती के नाम पर युवाओं को कड़ी धूप में 10-10 किलोमीटर तक दौड़ा दिया। जिससे कई बच्चों को अपनी जान से हाथ धोना पड़ा। हेमंत सोरेन जवाब दो आज तक देश में किस फिजिकल परीक्षा में युवाओं की मौत हुई है, ये हादसा नहीं हत्या है। उन्होंने कहा कि, बीजेपी की सरकार बनते ही हम इस पूरे मामले की जांच कराएंगे, दोषियों को छोड़ा नहीं जाएगा। वहीं शिवराज सिंह ने कहा कि, झारखंड में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनते ही पहली कैबिनेट में 2 लाख 87 हजार से ज्यादा खाली पड़े सरकारी पदों को भरा जाएगा। कैलेंडर बना कर तय करेंगे कि, किस तारीख को परीक्षा होगी, कब रिजल्ट आएगा और किस दिन जॉइनिंग होगी। उन्होंने कहा कि, जेएमएम सरकार युवाओं के साथ छल कर रही है, यहां 17 बार पेपर लीक हुए हैं, और परीक्षाएं रद्द हुई हैं। ये झारखंड मुक्ति मोर्चा नहीं, पेपर लीक मोर्चा बन गया है। पेपर लीक की भी जांच की जाएगी। पेपर लीक करने वालो को किसी भी कीमत पर छोड़ा नहीं जाएगा। साथ ही शिवराज सिंह ने कहा कि, ग्रेजुएट और पोस्ट ग्रेजुएट युवाओं को 2 साल तक 2 हजार रूपए की राशि दी जाएगी, ताकि वह अच्छी नौकरी के लिए तैयारी कर सकें। 

झारखंड में माटी, बेटी, रोटी संकट में है
केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, झारखंड की बहनें मेरे पास पोटली में माटी और अक्षत लेकर आ रही हैं और कह रही है कि, झारखंड में माटी संकट में है, बेटी संकट में है और रोटी भी संकट में है। माटी, बेटी और रोटी को केवल भारतीय जनता पार्टी की सरकार ही बचा सकती है।  चौहान ने कहा कि, माटी इसलिए खतरे में हैं क्योंकि, झारखंड से कोयला बंगाल के रास्ते बांग्लादेश जा रहा है। बेटी इसलिए सुरक्षित नहीं है क्योंकि, झारखंड में बांग्लादेशी घुसपैठिए आ रहे हैं और हमारी बेटियों से शादी कर जमीनों पर कब्जा कर रहे हैं।  सोरेन सरकार विदेशी घुसपैठियों को संरक्षण दे रही है उनके आधार कार्ड बनवा रही है। रोटी इसलिए खतरे में हैं क्योंकि जेएमएम सरकार, नौकरी और बेरोजगारी भत्ते का वादा करने के बाद भी पिछले पांच सालों में एक भी नौकरी और भत्ता नहीं दे सकी है। युवाओं का भविष्य बर्बाद करने की कोशिश की जा रही है।  चौहान ने कहा कि, बीजेपी की सरकार बनते ही विदेशी घुसपैठियों को चुन-चुनकर बाहर निकालेंगे और झारखंड में माटी, बेटी और रोटी को सुरक्षित करेंगे।    

बीजेपी और प्रधानमंत्री किसान हितौषी हैं
केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, भारतीय जनता पार्टी और प्रधानमंत्री मान नरेन्द्र मोदी किसान हितैषी हैं। झारखंड में हेमंत सोरेन सरकार ने कभी भी किसानों के विकास और कल्याण के लिए कुछ नहीं किया है। जबकि तीसरी बार प्रधानमंत्री बनते ही मोदी ने सबसे पहले किसान सम्मान निधि की राशि जारी की।  चौहान ने कहा कि, झारखंड के पलामू इलाके में भरपूर अरहर पैदा होती है, भारतीय जनता पार्टी की सरकार अरहर का एक-एक दाना समर्थन मूल्य पर खरीदेगी। 


 

Tags - Graduate youth Shivraj Singh Chauhan  Jharkhand News News Jharkhand Jharkhand latest